एक समय था जब किसी से दोस्ती की शुरुआत "हाय" से नहीं, बल्कि "अपना नंबर देना" से होती थी। फिर धीरे-धीरे दुनिया ऐसी बदली कि लोग नंबर मांगने से पहले सोचने लगे और देने से पहले दस बार। अब लगता है कि व्हाट्सएप ने इस सामाजिक दुविधा का स्थायी समाधान निकाल लिया है। जल्द ही ऐप में Username फीचर आने वाला है, जिसके बाद मोबाइल नंबर जेब में रहेगा और पहचान सिर्फ यूजरनेम से होगी।
यानी अब अगर कोई बड़े प्यार से बोले, "भाई, नंबर भेज दो..." तो सामने से पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब आएगा- "भाई, 2026 चल रहा है... Username नोट करो!"
इस फीचर के आने के बाद सबसे बड़ा झटका उन लोगों को लगेगा, जिनकी दोस्ती की शुरुआत किसी ग्रुप में प्रोफाइल फोटो देखकर सीधे "Hi Dear" भेजने से होती थी। अब बेचारे पहले यूजरनेम खोजेंगे, फिर स्पेलिंग मिलाएंगे और उसके बाद भी यह गारंटी नहीं होगी कि मैसेज सही इंसान तक ही पहुंचेगा। एक अक्षर इधर-उधर हुआ तो बात किसी और से शुरू हो जाएगी और सफाई देते-देते शाम हो जाएगी।
वैसे, असली रोमांच तो अब अपने पसंदीदा यूजरनेम को बुक करने में है। दुनिया में करीब 3 अरब व्हाट्सएप यूजर हैं। ऐसे में @Rahul, @Amit या @Neha पाने की उम्मीद रखना वैसा ही है, जैसे सोमवार सुबह दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बिना ट्रैफिक के ऑफिस पहुंचने का सपना देखना। इसलिए मेटा ने पहले ही यूजरनेम रिजर्वेशन शुरू कर दिया है, ताकि लोग समय रहते अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित कर सकें। वरना आखिर में मजबूरी में @Rahul_Official_Real_2026_Final जैसे ऐतिहासिक नाम रखने पड़ सकते हैं।
ऑफिस की दुनिया में भी इसका मजेदार असर देखने को मिलेगा। अब HR कहेगा, "अपना WhatsApp कॉन्टैक्ट भेज दीजिए," तो जवाब मिलेगा-"सर, नंबर नहीं... @Always_On_Time लिख लीजिए।" वहीं दूर के रिश्तेदार, जो हर शादी में अचानक याद करते हैं कि "बेटा, नंबर भेजना", अब शायद पूछेंगे-"बेटा, तुम्हारा यूजरनेम क्या है?"
व्हाट्सएप ने यह भी साफ कर दिया है कि उसे इंस्टाग्राम या फेसबुक बनने का कोई शौक नहीं है। यहां न कोई पब्लिक डायरेक्टरी होगी, न ही ऐप यह सलाह देगा कि "इन्हें शायद आप जानते हों।" यानी आपका यूजरनेम उतना ही निजी रहेगा, जितना कभी आपका मोबाइल नंबर हुआ करता था। ऊपर से सुरक्षा के लिए Username Key भी होगी, ताकि आपकी डिजिटल पहचान पर किसी और की नजर न पड़े।
बिजनेस, ब्रांड्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए तो यह किसी बोनस से कम नहीं है। अब वे ग्राहकों और फॉलोअर्स से सीधे जुड़ सकेंगे, लेकिन अपना निजी नंबर सार्वजनिक किए बिना। और हां, मेटा ने बड़े ब्रांड्स और चर्चित नाम पहले से सुरक्षित रखने की भी तैयारी कर ली है, ताकि कल कोई @Real_PM, @Official_SRK या @MukeshAmbaniOriginal बनकर दुनिया को भ्रमित न कर दे।
कुल मिलाकर, व्हाट्सएप का यह अपडेट सिर्फ एक नया फीचर नहीं, बल्कि डिजिटल दुनिया में प्राइवेसी की नई परिभाषा है। अब पहचान नंबर से नहीं, यूजरनेम से होगी। इसलिए देर मत कीजिए, अपना पसंदीदा यूजरनेम समय रहते सुरक्षित कर लीजिए। वरना आने वाले दिनों में आपको भी मजबूरी में @ApnaNaam_786_2026_XYZ जैसा कोई रचनात्मक नाम अपनाना पड़ सकता है।



