प्यार अंधा होता है, यह तो सुना था; लेकिन प्यार इतना 'भारी' और घातक भी हो सकता है, इसका ताजा प्रमाण चीन के जियांग्सू प्रांत से आया है। सर्दियों का मौसम था, पत्नी को ठंड लगी। पति ने सोचा कि चलो, अपनी बाहों की गर्माहट से ग्लोबल वार्मिंग को मात दे दें। उन्होंने पत्नी को ऐसा 'मजबूत और जानलेवा' हग दिया कि पत्नी की एक या दो नहीं, बल्कि पूरे पाँच पसलियाँ टूट गईं और एक में दरार आ गई!
सोचिए बेचारी पत्नी की क्या हालत हुई होगी। उसने ठंड भगाने के लिए पति से गर्माहट मांगी थी, और पति ने उसे सीधे ऑर्थोपेडिक वार्ड का वीआईपी पास थमा दिया!
जब हग बना 'क्रैश टेस्ट'
इस दर्दनाक-हास्यास्पद वाकये ने सोशल मीडिया के रोमियो-जूलियट प्रेमियों को गहरी सोच में डाल दिया है। जरा सोचिए, हमारे समाज में कपल्स के बीच कैसे-कैसे सीन होते हैं:
फिल्मों वाला हग: बॉलीवुड फिल्मों में हीरो अपनी हीरोइन को ऐसे उठाता है जैसे वह रुई का फाह हो। अब अगर असल जिंदगी में कोई 'द ग्रेट खली' टाइप पति अपनी नाजुक सी पत्नी पर यह तकनीक आजमाने लगे, तो परिणाम सीटी स्कैन और प्लास्टर के रूप में ही सामने आएगा।
ठंड का इलाज या दुर्घटना: पत्नी ने कहा "मुझे ठंड लग रही है।" पति ने समझा कि शायद अंदर से कोई हीटर चालू करना पड़ेगा, और उसने अपनी बाहों की हाइड्रोलिक मशीन चालू कर दी। बीच में 'क्रेक' की आवाज़ आई- जैसे कोई सूखा पापड़ टूट रहा हो!
डॉक्टरों की चेतावनी: 'प्यार संभलकर करें!'
जब डॉक्टर ने सीटी स्कैन की रिपोर्ट पति के हाथ में थमाई, तो पति के होश उड़ गए। उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उसका 'सच्चा प्यार' इतना भारी पड़ सकता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि भाई, प्यार जताना अच्छी बात है, लेकिन सामने वाले की हड्डियों की वारंटी-गारंटी भी चेक कर लिया करो!
इस घटना के बाद से पतियों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी होनी चाहिए:
- सावधानी हटी, पसली कटी: अपनी पत्नी को गले लगाने से पहले उसकी कैल्शियम रिपोर्ट, बोन डेंसिटी (Bone Density) और विटामिन-D के स्तर की जांच जरूर करवा लें।
- हल्का हाथ रखें: हग करते वक्त 'डबल ओवरहेड क्रश' या रेसलिंग वाले दांवपेंच अपनाने से बचें। प्यार है, कोई वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (WWE) का रिंग नहीं!
तो जनाब, इस सर्दी अगर आपकी पार्टनर कहे कि "मुझे ठंड लग रही है," तो तुरंत अपनी बाहों का घेरा बनाने के बजाय रजाई, कंबल या हॉट वाटर बैग का इस्तेमाल करें। वरना प्यार जताने के चक्कर में बिल आपका अस्पताल के आईसीयू में ही कटेगा और आप अपनी बेगम के साथ जीवनभर के लिए 'बोन-ब्रोकन रोमांस' की यादों में खोए रहेंगे!
Video on X Handle



