ख़बरगंज

रिचार्ज कंपनियों का नया मास्टरस्ट्रोक: रील्स देखने की बीमारी का परमानेंट इलाज!

लो जी! रील्स देखने और 'और बताओ' वाली गप्पों का परमानेंट इलाज आ गया। जियो, एयरटेल और वीआई आपके मोबाइल प्लान्स को 15% तक महंगा कर आपकी जेब और स्क्रीन टाइमिंग दोनों हल्की करने वाले हैं।

रिचार्ज कंपनियों का नया मास्टरस्ट्रोक: रील्स देखने की बीमारी का परमानेंट इलाज!

Recharge: देश के मोबाइल यूजर्स के लिए एक बेहद 'खुशखबरी' है। अगर आप दिनभर फोन पर बिना वजह की गप्पें मारकर अपना कीमती समय बर्बाद कर रहे थे, तो टेलीकॉम कंपनियों ने आपकी इस बुरी आदत को छुड़ाने का पूरा मन बना लिया है। Jio, Airtel और Vi मिलकर आपके मानसिक स्वास्थ्य और जेब दोनों को 'हल्का' करने के लिए प्रीपेड प्लान्स में पूरे 15% की बढ़ोतरी करने जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया के दौर में यह कंपनियों का 'डिजिटल फास्टिंग’ को बढ़ावा देने का एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है।

कंपनियों का दर्द: "डेटा तो बहा दिया, पर हमारी तिजोरी नहीं भरी!"

कंपनियों का कहना है कि लोग सुबह से रात तक रील्स देखकर, मीम्स शेयर करके और मुफ्त की अनलिमिटेड कॉलिंग पर शादियों की प्लानिंग करके देश का करोड़ों जीबी डेटा 'फूंक' रहे हैं। लेकिन बदले में कंपनियों की प्रति ग्राहक औसत आय (ARPU) उतनी नहीं बढ़ रही, जितनी उनकी उम्मीदें थीं। अब कंपनियों का पेट तो सिर्फ आपके डेटा इस्तेमाल करने से भरेगा नहीं, उन्हें 'करारे नोट' भी चाहिए। इसलिए, आपकी स्क्रीन टाइमिंग घटाने और उनका बैंक बैलेंस बढ़ाने के लिए यह मास्टरस्ट्रोक खेला गया है।

किसे मिलेगा 'विशेष' झटका?

  • डेली डेटा लवर्स: जो लोग रोज़ का 1.5GB या 2GB डेटा मिलने पर खुद को इंटरनेट का राजा समझते थे, उनके राजपाट पर सबसे पहले टैक्स लगने वाला है।
  • अनलिमिटेड कॉलर: "और बताओ... और कुछ तुम बताओ..." करने वाले प्रेमियों के लिए अब चुप रहना ही सबसे सस्ता और सुरक्षित विकल्प होगा।

विशेषज्ञों का तो यह भी कहना है कि कंपनियां बहुत दयालु हैं; वे एक साथ सारे दाम नहीं बढ़ाएंगी। पहले वो ज्यादा डेटा वाले महंगे प्लान्स को और महंगा करेंगी ताकि अमीर लोग पहले रोएं, और गरीब ग्राहकों को रोने के लिए थोड़ा और वक्त मिल सके।

इतिहास खुद को दोहरा रहा है (हर दो साल में!)

आखिरी बार कंपनियों ने यह 'पुण्य का काम' 2024 में किया था। अब दो साल बीत चुके हैं, जनता थोड़ी संभल चुकी है और उनके जख्म भी भर गए हैं। कंपनियों को लगा कि इतने लंबे समय तक जनता को बिना किसी बड़े झटके के जीने देना उनके साथ नाइंसाफी होगी। इसलिए, दो साल की कड़े आत्मनिरीक्षण के बाद अब फिर से महंगाई का तड़का लगाने की तैयारी है।

आम जनता के लिए 'मुफ्त' की सलाह

स्मार्ट टिप: अगर आप आने वाले इस आर्थिक अटैक से बचना चाहते हैं, तो समझदारी इसी में है कि आज ही अपनी जमीन या गहने गिरवी रखकर 365 दिन वाला लॉन्ग-टर्म प्लान रिचार्ज करा लें। वैसे कंपनियों ने अभी कोई ऑफिशियल तारीख नहीं बताई है, ताकि आपको सरप्राइज का पूरा आनंद मिल सके। तब तक के लिए, फोन को देखिए, मुस्कुराइए और बोलना कम कीजिए!