बाउंड्री-पार

एक गोल... और ऑफिस गोल!

जर्मनी पर इक्वाडोर की ऐतिहासिक जीत के बाद राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर दिया। पढ़िए व्यंग्य कि कैसे फुटबॉल का एक गोल कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ी जीत बन गया।

एक गोल... और ऑफिस गोल!

FIFA World Cup: कहते हैं कि फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि कुछ देशों के लिए सरकारी कैलेंडर बदलने का जरिया है।

फीफा विश्व कप 2026 में जब इक्वाडोर ने चार बार के चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराया, तो देश में ऐसा जश्न मना कि राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ ने सीधे 26 जून को राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर दिया। इस एक मैच ने वह कर दिखाया जो कॉर्पोरेट कर्मचारी सालों की नौकरी में नहीं कर पाते-बिना किसी आवेदन, मेडिकल सर्टिफिकेट या बॉस की मिन्नत के सीधे पेड लीव!

वैसे मैच की शुरुआत देखकर लगा था कि छुट्टी जर्मनी मनाएगा, क्योंकि दूसरे ही मिनट में लीरॉय साने ने गोल दाग दिया था। लेकिन हार न मानते हुए इक्वाडोर ने नौवें मिनट में निल्सन अंगुलो के गोल से बराबरी की और फिर 77वें मिनट में गोंजालो प्लाटा ने ऐसा विजयी गोल मारा कि गेंद सीधे नेट में और अगले दिन का ऑफिस शेड्यूल सीधे डस्टबिन में चला गया।

इस जीत के बाद सबसे दिलचस्प हालत निजी कंपनियों के HR डिपार्टमेंट की रही होगी, जिन्हें अपनी जिंदगी में पहली बार ऐसा ईमेल लिखना पड़ा होगा-"प्रिय कर्मचारियों, कल ऑफिस बंद रहेगा क्योंकि जर्मनी हार गया है!"

इस अनोखी खबर ने भारत के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों की आँखों में भी उम्मीद की एक नई किरण जगा दी है। भारतीय कर्मचारी अब सोच रहे हैं कि काश यहाँ भी ऐसी परंपरा होती, जहाँ क्रिकेट टीम की हर बड़ी जीत पर नेशनल हॉलिडे मिल जाता-

जैसे पाकिस्तान पर जीत पर दो दिन, वर्ल्ड कप जीतने पर पूरा हफ्ता और ICC का कोई फैसला हक में आने पर एक बोनस छुट्टी!

उधर बेचारे जर्मनी के खिलाड़ियों को अंदाज़ा भी नहीं होगा कि उनकी इस हार से सात समंदर पार किसी देश के कर्मचारियों की नींद पूरी हो रही है।

खैर, जर्मनी तो पहले ही अगले दौर में पहुँच चुका था, तो उसने भी खेल भावना दिखाते हुए सोचा होगा कि 'चलो, हमारी हार किसी के तो काम आई।'

अब तो इक्वाडोर के लोग यही दुआ कर रहे होंगे कि टीम आगे भी जीतती रहे, क्योंकि वहाँ हर गोल सिर्फ स्कोरबोर्ड नहीं, बल्कि अगले दिन का हाज़िरी रजिस्टर भी बदल रहा है।

सच ही है, फुटबॉल में जीत का जश्न तो पूरी दुनिया मनाती है, लेकिन इक्वाडोर ने साबित कर दिया कि असली वर्ल्ड कप ट्रॉफी वही है, जो पूरी जनता को घर बैठे पूरे वेतन के साथ छुट्टी दिला दे!