ख़बरगंज

दिल्ली-NCR में GRAP-1: हवा जहरीली, सिस्टम एक्टिव और जनता इंस्टाग्राम पर!

दिल्ली-एनसीआर में शरद ऋतु के दस्तक देते ही हवा का मिज़ाज बिगड़ने लगता है। जैसे ही AQI का मीटर 200 के पार छलांग लगाता है, प्रशासन तुरंत नींद से जागता है, GRAP-1 का ढोल बजता है, और...

दिल्ली-NCR में GRAP-1: हवा जहरीली, सिस्टम एक्टिव और जनता इंस्टाग्राम पर!

दिल्ली-एनसीआर में शरद ऋतु के दस्तक देते ही हवा का मिज़ाज बिगड़ने लगता है। जैसे ही AQI का मीटर 200 के पार छलांग लगाता है, प्रशासन तुरंत नींद से जागता है, GRAP-1 का ढोल बजता है, और सोशल मीडिया के 'पर्यावरण योद्धा' सक्रिय हो जाते हैं। ऐसा लगता है मानो साल में एक बार सबको अचानक याद आता है कि जीने के लिए ऑक्सीजन भी ज़रूरी चीज़ है!

बालकनी वॉरियर्स और फोटोशॉप वाली चिंता

जो महाशय साल के पूरे 365 दिन अपनी पुरानी डीजल गाड़ी से ऐसा काला धुआँ उड़ाते हैं कि पीछे चलने वाले को अपना भविष्य धुंधला दिखने लगे, वे भी स्मॉग देखते ही बालकनी में आकर लंबी-लंबी सांसें खींचने लगते हैं। फिर क्या? एक बेहद गंभीर चेहरा बनाकर धुंधली पृष्ठभूमि में सेल्फी ली जाती है और कैप्शन ठोका जाता है:

"दिल्ली की हवा आज कुछ उदास है... #ClimateWarrior #BreatheInBreatheOut #AQI244"


अरे भाई! आपकी इस दार्शनिक पोस्ट से इंस्टाग्राम पर लाइक्स तो ‘गंभीर प्लस’ श्रेणी में पहुँच जाएँगे, लेकिन हवा से PM2.5 के कण 1% भी कम नहीं होने वाले!

तंदूर बना विलेन, गाड़ियां बेदाग!
GRAP-1 लागू होते ही सबसे पहला गाज गिरता है बेचारों के पेट पर! होटल और ढाबों में कोयले और लकड़ी वाले तंदूर पर रोक लगा दी जाती है। ऐसा लगता है जैसे दिल्ली की पूरी हवा अमरीक भाई के ढाबे पर सिकने वाली बटर नान और कबाब की वजह से ही जहरीली हुई है!

सड़क पर धुआँ छोड़ती बंपर-टू-बंपर गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी हैं, लेकिन असली गुनहगार कौन निकला? तंदूर!

पानी छिड़को, प्रदूषण बढ़ाओ!

प्रशासन की तत्परता का जवाब नहीं! सड़कों पर धूल दबाने के लिए बड़ी-बड़ी पानी छिड़कने वाली गाड़ियाँ उतारी जाती हैं। पर मज़ा देखिए—वह गाड़ी आगे तो पानी छिड़कती है, लेकिन उसके पीछे के साइलेंसर से इतना ज़हरीला धुआँ निकलता है मानो धूल मिटाने के बदले 'मुफ्त में धुआँ' बाँटने का ऑफर चल रहा हो!

मेट्रो अपनी ट्रिप बढ़ाएगी, पर कार की चाबी कौन छोड़ेगा?

दिल्ली मेट्रो ने GRAP-1 लागू होते ही कामकाजी दिनों में 20 अतिरिक्त ट्रिप चलाने का ऐलान किया है। पहल बहुत शानदार है! लेकिन हमारे 'कार प्रेमी' भाई-बहन ट्रैफिक जाम में 2 घंटे फँसकर, एसी चलाकर, प्रदूषण पर रील्स बनाना ज़्यादा पसंद करेंगे, पर मेट्रो की सीढ़ियाँ चढ़ना उनकी शान के खिलाफ है।

तो भाई, समाधान क्या है?
हर साल वही कहानी-सर्दी आई, प्रदूषण बढ़ा, नियम बने, और अगली गर्मी तक सब भूल गए। अगर वाकई फेफड़ों को बचाना है, तो सिर्फ सरकारी आदेश से काम नहीं चलेगा। कुछ काम सिस्टम को और कुछ हम सबको मिलकर करने होंगे:

1. जनता का फर्ज (व्यक्तिगत स्तर पर):

  • 'कारपूल' और मेट्रो अपनाएं: हफ्ते में कम से कम 2-3 दिन अपनी गाड़ियाँ घर पर पार्क करें। मेट्रो या कारपूल से ऑफिस जाएं।
  • रेड लाइट पर इंजन बंद करें: ट्रैफिक सिग्नल पर गाड़ी न्यूट्रल करके बंद करने की आदत डालें। इससे ईंधन और फेफड़े दोनों बचेंगे।
  • सोशल मीडिया से निकलकर पौधे लगाएं: सिर्फ हैशटैग चलाने से हवा साफ नहीं होगी, अपने आसपास पौधे लगाएं और खुले में कचरा जलाने वालों की शिकायत करें।

2. सिस्टम का सुधार (प्रशासनिक स्तर पर):

  • इलेक्ट्रिक बसें और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी: मेट्रो स्टेशन से घर तक पहुँचने के लिए ई-रिक्शा और ई-बसों का मजबूत नेटवर्क बनाया जाए।
  • सख्त चेकिंग और सिर्फ कागज़ी नियम नहीं: धुआँ छोड़ने वाले खटारा वाहनों और बिना तिरपाल के चलने वाली निर्माण गाड़ियों पर ऑन-द-स्पॉट भारी चालान हो।
  • सड़क की धूल का स्थायी समाधान: केवल पानी का छिड़काव करने के बजाय सड़कों के किनारों को पक्का और हरा-भरा किया जाए ताकि धूल उड़े ही नहीं।

    भौकालगुरु का कहना है कि, अगर हम सबने अपनी सोच और आदतें नहीं बदलीं, तो हवा सिर्फ हमारी इंस्टाग्राम पोस्ट में साफ दिखेगी और फेफड़ों में ज़हरीला धुआँ ही भरता रहेगा! थोड़ा सिस्टम बदले, थोड़ा हम बदलें!